हाईवे पर दबंगों की गुंडागर्दी, पुलिस चौकी के पास पीटा, वीडियो वायरल

हाईवे पर दबंगों की गुंडागर्दी, पुलिस चौकी के पास पीटा, वीडियो वायरल
हापुड़ । थाना पिलखुवा क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 9 पर शुक्रवार देर रात को दबंगों ने सरेआम कानून को ताक पर रख दिया। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर जमकर लाठी-डंडों से पीटा। घटना पिलखुवा पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई।
मारपीट के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। बीच सड़क पर हंगामे की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा। राहगीर तमाशा देखते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं की।
पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दबंग युवक लाठी-डंडों से हमला करते और पीड़ितों को दौड़ाते साफ नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं क्योंकि वारदात पुलिस चौकी के पास हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने कहा कि वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।















