जंगल में दिखा तेंदुआ, गांवों में दहशत, वन विभाग ने शुरू की सर्चिंग, कांवड़ मार्ग के पास मूवमेंट से बढ़ी चिंता, पंजों के निशान फोरेंसिक लैब भेजे

जंगल में दिखा तेंदुआ, गांवों में दहशत, वन विभाग ने शुरू की सर्चिंग, कांवड़ मार्ग के पास मूवमेंट से बढ़ी चिंता, पंजों के निशान फोरेंसिक लैब भेजे
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव अकबरपुर बुकलाना के जंगल में शुक्रवार सुबह तेंदुआ दिखने से किसानों में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंजों के निशान की जांच कर उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। वन विभाग ने क्षेत्र में लगातार कॉम्बिंग शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे गांव के किसान रोहित, अंकित और कपिल पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गए थे। इस दौरान किसान पीतम के खेत में उन्हें तेंदुआ फसल में से निकलकर दूसरे खेत में जाता दिखाई दिया। तेंदुए को देखकर किसानों के होश उड़ गए। वे तुरंत गांव लौटे और ग्रामीणों के साथ वन विभाग को सूचना दी।
ग्रामीणों ने कहा कि इस समय सावन में कांवड़ यात्रा चल रही है। पुराने हाईवे और आसपास के जंगली रास्तों से रोजाना हजारों शिवभक्त गुजरते हैं। ऐसे में तेंदुए का यहां मूवमेंट शिवभक्तों के लिए भी खतरा बन सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की गई। खेत और आसपास मिले पंजों के निशान को फोरेंसिक लैब भेजा गया है। कर्मचारियों को पूरे क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग के निर्देश दिए गए हैं। यदि क्षेत्र में तेंदुआ है तो उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।















