केक काटने के विवाद में बवाल, पथराव में 4 घायल

केक काटने के विवाद में बवाल, पथराव में 4 घायल
हापुड़। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव धनौरा में बृहस्पतिवार देर रात जन्मदिन का केक काटने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार गांव में शिवम के घर जन्मदिन मनाने की तैयारी चल रही थी। केक काटने के लिए टेबल गौरव के घर के सामने लगाई गई थी। इस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। कहासुनी के बाद बात मारपीट तक पहुंच गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्ष अलग-अलग जाति के बताए जा रहे हैं।
एसएचओ कोतवाली देहात पारस मलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के युवकों ने शराब पी हुई थी। केक काटने को लेकर मामूली विवाद में मारपीट हुई। पथराव की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।















