सिक्योरिटी गार्ड पर गिरा कंपनी का जर्जर गेट, मौत

हापुड़
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रिलायंस रोड पर स्थित बीजेएस सोलर कंपनी में सोमवार दोपहर एक हादसे में सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई। ड्यूटी के दौरान फैक्ट्री का मुख्य लोहे का गेट अचानक गिर पड़ा, जिससे वह उसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के अनुसार संभल के रहने वाले और वर्तमान में भोवापुर में रह रहे अशोक कुमार कंपनी में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। दोपहर करीब ढाई बजे एक वाहन को अंदर आने के लिए गेट खोला जा रहा था। उसी समय गेट अचानक गिर गया और वह उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











