सरकारी अस्पताल के अधीक्षक पर महिला डॉक्टर ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, दी तहरीर

सरकारी अस्पताल के अधीक्षक पर महिला डॉक्टर ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, दी तहरीर
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अधीक्षक और महिला चिकित्सक के बीच विवाद सामने आया है। महिला चिकित्सक ने अधीक्षक पर छेड़छाड़ और अभद्रता का आरोप लगाया है। वहीं अधीक्षक ने इसे बेबुनियाद बताकर हाजिरी को लेकर हुए विवाद से जोड़ दिया है।
महिला चिकित्सक का आरोप है कि अधीक्षक ने उन्हें अकेले में बुलाकर छेड़छाड़ की और अभद्रता की। उन्होंने मामले में उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शशिभूषण ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि महिला चिकित्सक ने 1 अगस्त को केंद्र में कार्यभार संभाला था, लेकिन इसके बाद से वह नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं आ रही हैं।
अधीक्षक का कहना है कि उन पर पैसे लेकर अनुपस्थित चिकित्सक की फर्जी हाजिरी लगाने का दबाव बनाया जा रहा था। नियमों के विरुद्ध हाजिरी लगाने से मना करने के बाद उनके खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाए जा रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















