मेन बाजार में 2 सांडों की जंग, मची अफरा-तफरी, दुकानों और वाहनों को नुकसान

मेन बाजार में 2 सांडों की जंग, मची अफरा-तफरी, दुकानों और वाहनों को नुकसान*
हापुड़। पिलखुवा के मेन बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब बीच सड़क दो आवारा सांड आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक जमकर लड़ाई चली।
सांडों को लड़ते देख दुकानदार और राहगीर जान बचाकर दुकानों में घुस गए। कई व्यापारी सामान छोड़कर भाग खड़े हुए। लड़ते-लड़ते सांड बाजार में इधर-उधर दौड़े, जिससे सड़क पर खड़े वाहनों और कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचा।
एक सांड तो दौड़ता हुआ सीधे एक दुकान के अंदर घुस गया। उसे बाहर निकलते देख लोगों में फिर भगदड़ मच गई। इस दौरान बाजार में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि भीड़भाड़ वाले बाजार में आवारा पशु आए दिन परेशानी बन रहे हैं। लोगों ने नगरपालिका और प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में आवारा सांडों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान चलाया जाए, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता है।















