बॉयलर में गंदे कपड़े, रजाई, गद्दे, साड़ी और प्लास्टिक पन्नी जलाकर वातावरण में जहर घुलने वाली फैक्ट्री सील

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्र के नेशनल हाईवे- 9 पर इस्कॉन मंदिर के पास बॉयलर में गंदे कपड़े, रजाई, गद्दे, साड़ी और प्लास्टिक पन्नी जलाकर वातावरण में जहर घुलने वाली फैक्ट्री को प्रशासन ने सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार पिलखुवा क्षेत्र में प्रशासन को वातावरण में प्रदूषण की शिकायत मिली, जिस पर प्रशासन ने इस्कॉन मंदिर के पास संचालित एक फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान दो बॉयलर चालू हालत में पाए गए, जिनमें गंदे कपड़े, रजाई, गद्दे, साड़ी और प्लास्टिक पन्नी समेत अन्य कचरा जलाया जा रहा था।
प्रदूषण विभाग के सहायक अभियंता (एई) विपुल वर्मा और एसपी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में यूनिट से भारी मात्रा में धुआं निकलता हुआ मिला। बताया गया कि इस यूनिट में स्कूल बैग और रबड़ के पट्टे बनाने का काम किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान यूनिट के संचालक संजय अग्रवाल मौके पर मौजूद थे। लोगों ने बताया कि इस यूनिट से निकलने वाले धुएं और बदबू के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी हो रही थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद फैक्ट्री का संचालन जारी था, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था।
एई विपुल वर्मा ने बताया कि मानकों का उल्लंघन मिलने पर यूनिट को सील कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले भी प्रदूषण फैलाने के मामले में चार अन्य फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की जा चुकी है, इसके बावजूद यह यूनिट संचालित हो रही थी।











