फेसबुक पर प्यार, क्रिप्टो में दोगुना मुनाफे का झांसा: आशा गुप्ता ने युवक से ठगे 1 करोड़ रुपए

फेसबुक पर प्यार, क्रिप्टो में दोगुना मुनाफे का झांसा: आशा गुप्ता ने युवक से ठगे 1 करोड़
हापुड़ (यर्थाथ अग्रवाल मुन्ना)। साइबर ठगों ने प्यार और लालच का ऐसा जाल बुना कि बृजघाट निवासी हरिओम सिंह एक करोड़ रुपये गंवा बैठे। आशा गुप्ता नाम की महिला ने पहले फेसबुक पर दोस्ती कर युवक को प्रेमजाल में फंसाया, फिर बिटकॉइन और क्रिप्टोकरेंसी में दोगुना रिटर्न का लालच देकर 12 बैंक खातों में एक करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। 30 लाख की और मांग पर शक होने के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में FIR दर्ज कराई है।
फेसबुक रिक्वेस्ट से शुरू हुई ठगी की स्क्रिप्ट
पीड़ित हरिओम सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले आशा गुप्ता नाम की ID से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। चैटिंग के दौरान महिला ने लच्छेदार बातों से उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने बिटकॉइन और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर 2 महीने में रकम दोगुनी होने का झांसा दिया।
12 खातों में ट्रांसफर किए 1 करोड़
प्यार और मुनाफे के डबल लालच में आकर हरिओम ने महिला के कहने पर अलग-अलग तारीखों में 12 बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपये भेज दिए। रकम लेने के बाद भी आरोपी महिला ने 30 लाख रुपये और निवेश करने का दबाव बनाया।
पैसे वापस मांगे तो किया ब्लॉक
बार-बार पैसों की मांग पर हरिओम को शक हुआ। जब उन्होंने निवेश की रकम वापस मांगी तो महिला ने फोन उठाना बंद कर दिया और फेसबुक-व्हाट्सएप से ब्लॉक कर दिया। ठगी का अहसास होने पर हरिओम साइबर क्राइम थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की।
जांच में जुटी पुलिस
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आशा गुप्ता के खिलाफ IT एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिन 12 बैंक खातों में रकम गई है, उनकी डिटेल और मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
*पुलिस की अपील:* सोशल मीडिया पर अनजान प्रोफाइल से दोस्ती और क्रिप्टो में निवेश के ऑफर से सावधान रहें। कोई भी निवेश RBI या SEBI से रजिस्टर्ड प्लेटफॉर्म पर ही करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
–











