पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत अनाथ छात्रा खुशी चौहान को मिला 10 लाख का चेक, डीएम, सीडीओ ने सौंपा

पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत अनाथ छात्रा खुशी चौहान को मिला 10 लाख का चेक, डीएम ने सौंपा
हापुड़। कोविड-19 महामारी में माता-पिता को खो चुके बच्चों के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में लाभार्थी छात्रा को आर्थिक सहायता दी गई।
जिलाधिकारी कविता मीना व सीडीओ साक्षी शर्मा ने स्वर्गीय पंकज चौहान की पुत्री खुशी चौहान को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा। योजना के तहत कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों को 23 वर्ष की आयु पूरी होने पर यह राशि दी जाती है। हापुड़ जिले में कुल 11 बच्चों को योजना के लिए चिन्हित किया गया है।
डीएम कविता मीना ने कहा कि सरकार महामारी से प्रभावित बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खुशी को यह राशि शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भर बनने में उपयोग करने की सलाह दी। डीएम ने बताया कि योजना का मकसद ऐसे बच्चों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देना है ताकि वे बेहतर भविष्य बना सकें।
सीडीओ साक्षी शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन पात्र बच्चों को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी लगातार काम कर रहा है।











