जरा देख कर निकले : मेरठ रोड ओवर ब्रिज पर 10 दिन ट्रैफिक रहेगा बंद ,ओवर ब्रिज की मरम्मत के कारण बंद रहेगा ट्रैफिक, मेरठ जाने वाले वाहनों को ततारपुर बाईपास से जाना होगा मेरठ

हापुड़।
लोक निर्माण विभाग द्वारा मेरठ रोड स्थित ओवर ब्रिज की मरम्मत कराई जायेगी। जिस कारण ओवर ब्रिज पर दस दिनों के लिए यातायात पूर्णतया बंद रहेगा। अब इस स्थिति में मेरठ जाने वाले वाहनों को ततारपुर बाईपास से होते हुए मेरठ जाना होगा।
आपको बता दें,कि राष्टï्रीय राजमार्ग 335 ए पर मेरठ रोड पर दिल्ली लखनऊ व मेरठ खुर्जा रेलवे लाइन पर ओवर ब्रिज बना हुआ है। जिसकी पिछले कई वर्षों से मरम्मत तक नहीं हुई है। जिस कारण कई जगह पुल क्षतिग्रस्त होने लगा है। जिससे हादसा होने की संभावना बनी रहती है। वहीं पुल पर वाहन रुकने पर हिलने लगते है। जिसकी शिकायत वाहन चालकों व जनता सम्बंधित विभाग व जनप्रतिनिधियों से भी की थी।
अब लोक निर्माण विभाग ने मेरठ रोड स्थित ओवर ब्रिज की मरम्मत कराने के लिए आज 14 मई से आगामी 23 मई तक ब्रिज पर वाहनों का आवागमन पूर्णतया बंद रहेगा। मेरठ जाने वाले वाहनों को ततारपुर बाईपास से होकर मेरठ जाना होगा। ओवर ब्रिज के बंद होने के कारण पुल पार रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि मेरठ रोड स्थित ओवर ब्रिज के जोड़ों को बदला जायेगा। जिसके लिए 14 मई से 23 मई तक ओवर ब्रिज को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। इस कार्य को कराने के लिए कान्टेक्टर दिया गया है। जिसके द्वारा दस दिनों में कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। ओवर ब्रिज की मरम्मत पर 34 लाख की धनराशि खर्च होगी।











