खेतों पर लगे करंट वाले तारों से युवक की तड़पकर मौत, परिवार में मचा कोहराम, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग

खेतों पर लगे करंट वाले तारों से युवक की तड़पकर मौत, परिवार में मचा कोहराम, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
हापुड़। थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के आजमपुर देहपा गांव में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर काम करने गए 35 वर्षीय युवक की तारों में उतरे करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने आरोपी खेत मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार आजमपुर देहपा निवासी आरिफ पुत्र अब्दुल कलाम रविवार सुबह रोज की तरह खेतों पर काम करने गए थे। बताया जा रहा है कि पड़ोस के एक खेत मालिक ने फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों तरफ तार लगाकर उसमें करंट छोड़ रखा था। खेत में काम के दौरान आरिफ अचानक करंट की चपेट में आ गया।
करंट लगते ही आरिफ बुरी तरह तड़पने लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजन खेत पर पहुंचे तो वहां आरिफ का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों का आरोप है कि खेत मालिक ने बिना किसी चेतावनी बोर्ड के खेत में करंट वाले तार लगाए थे। इसकी वजह से आरिफ की जान गई। गुस्साए परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पिलखुवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











