खाघ विभाग ने 10 लाख का मिलावटी देशी घी पकड़ किया सीज, मचा हड़कंप

खाघ विभाग ने 10 लाख का मिलावटी देशी घी पकड़ किया सीज, मचा हड़कंप

हापुड़।
दीपावली के मद्देनजर मिलावटखोरी पर शिकंजा कसते हुए हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्रजघाट में 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के 1422 किलोग्राम मिलावटी देसी घी पर सील लगाई गई है। इसके अलावा हापुड़ सिटी में सॉस और मिठाई के 8 नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त द्वितीय महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि डीएम के आदेश पर विभागीय टीम ने ब्रजघाट में छापा मारा। यहां एक मकान में गोल्डन वैली फूड्स नाम की कंपनी का बोर्ड लगा हुआ था, जहां से बड़ी मात्रा में माइल्ड फैट घी और देसी घी बरामद हुआ। इस दौरान नंदन गोल्डन प्रीमियम के 180 किलोग्राम पैकेट और राधे-राधे प्रीमियम के 1242 किलोग्राम घी के पैकेट मिले, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है। संदिग्ध घी के नमूनों को जब्त करते हुए इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने मिलावट के संदेह में पूरे स्टॉक को सील कर दिया।

हापुड़ सिटी में सॉस और मिठाई के नमूने लिए गए

इसके अलावा हापुड़ सिटी के मेरठ रोड स्थित दशमेश नगर में अमृत फूड्स से 123 किलोग्राम कॉटिनेंटल सॉस भी पकड़ी गई और सील की गई। इस सॉस का एक नमूना भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

मेरठ से आया मिल्क केक भी पकड़ा गया

मीनाक्षी रोड पर स्थित गुरुदेव मावा आढ़त पर मेरठ से एक गाड़ी में मिल्क केक की आपूर्ति की जा रही थी। अधिकारियों ने 297 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया, जिसकी कीमत 44,550 रुपये बताई गई है। मिल्क केक के दो नमूने भी मिलावट के संदेह पर जांच के लिए भेजे गए हैं।

इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। दीपावली जैसे त्योहार पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है।

Exit mobile version