केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
हापुड़। यूपीएसआईडीसी फेज-1 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा चपेट में आ गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
गुरुवार दोपहर फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। केमिकल फैक्ट्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। आग की लपटें देख आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई और मजदूर बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। केमिकल आग होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ी। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस की यूनिट तत्काल रवाना कर दी गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।











