एनएच-9 पर चलती इको कार को पैर से धक्का देता बाइक सवार, वीडियो वायरल

एनएच-9 पर चलती इको कार को पैर से धक्का देता बाइक सवार, वीडियो वायरल
हापुड़। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-9 पर गुरुवार सुबह एक बाइक सवार युवक का कार को पैर से धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। यह वीडियो कोतवाली देहात क्षेत्र के ततारपुर बाईपास का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में एक बाइक सवार अपनी बाइक चलाते हुए आगे चल रही इको कार को पैर से धक्का दे रहा है। तेज रफ्तार हाईवे पर इस तरह का स्टंट देखकर लोगों में दहशत फैल गई। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे और लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि इको कार में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण वह आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने मदद के इरादे से कार को पैर से धक्का देकर आगे बढ़ाने की कोशिश की।
बावजूद इसके, राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह वाहन को धक्का देना यातायात नियमों के लिहाज से खतरनाक माना जाता है और हादसे का कारण बन सकता है।















