इनर व्हील क्लब ने दिया “मां का दूध सर्वोत्तम आहार” का संदेश : अस्पताल में ब्रेस्टफीडिंग वीक पर स्वास्थ्य शिविर

इनर व्हील क्लब ने दिया “मां का दूध सर्वोत्तम आहार” का संदेश : अस्पताल में ब्रेस्टफीडिंग वीक पर स्वास्थ्य शिविर
हापुड़(यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। ब्रेस्टफीडिंग प्रमोशन वीक के अंतर्गत् मोदी अस्पताल में इनर व्हील क्लब द्वारा गर्भवती महिलाओं और जच्चाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
अस्पताल प्रांगण में डॉ. अल्पना गुप्ता की देखरेख में उपस्थित गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की माताओं को स्वास्थ्य वर्धन के लिए भुना चना, सोयाबीन बड़ी, दलिया और साबुत मूंग दाल जैसी प्रोटीन और ऊर्जा से भरपूर सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में क्लब एडिटर डॉ. पूनम ग्रोवर ने महिलाओं से “मां का दूध सर्वोत्तम आहार” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मां का पहला दूध शिशु के लिए अमृत के समान है। यह केवल संपूर्ण आहार ही नहीं, बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता और जीवनदायी तत्वों से भरपूर होता है। इसलिए मां का पहला दूध किसी भी कीमत पर व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। हर मां को अपने और शिशु के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर स्तनपान को सौभाग्य समझना चाहिए।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्षा श्वेता जैन ने डॉ. अल्पना गुप्ता और डॉ. पूनम लाल को सम्मान प्रतीक चिह्न देकर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्लब सदस्य सोनल जैन, रिद्धि और अलका बंसल ने वितरण में सक्रिय सहयोग दिया।
शिविर में यह विशेष जानकारी भी साझा की गई कि अस्पताल में मदर मिल्क बैंक की स्थापना कर दी गई है। जो माताएं किसी कारणवश अपने शिशु को स्तनपान नहीं करा पातीं, उनके लिए यह बैंक वरदान साबित होगा और आने वाले समय में नवजातों की कई समस्याओं का समाधान करेगा।















