बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मिला प्राधिकरण वीसी से, समस्याओं का होगा समाधान – वीसी मुकेश चन्द्र

हापुड़।
पिलखुवा के कपड़ा व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल ने एचपीडीए के उपाध्यक्ष मुकेश चंद्र से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र में टेक्सटाइल कारोबार से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर गंभीर चर्चा की।
व्यापारियों ने टेक्सटाइल मार्केट में सड़कों की बदहाली, सफाई व्यवस्था की कमी, पार्किंग की समस्या, जल निकासी का अभाव और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पिलखुवा का टेक्सटाइल उद्योग हजारों लोगों की आजीविका का आधार है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में कारोबार प्रभावित हो रहा है।
व्यापारी नेता पंकज खंडेलवाल, विनीत शर्मा, अंकित कालियान, पी. विकास शर्मा और अमित कालियान ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि टेक्सटाइल क्षेत्र का सुनियोजित विकास किया जाए और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो, तो कारोबार को नई गति मिलेगी और नगर की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने प्राधिकरण से क्षेत्र में जल्द विकास कार्य शुरू कराने, यातायात व्यवस्था सुधारने और व्यापारिक क्षेत्र को सुविधायुक्त बनाने की मांग की। इस पर उपाध्यक्ष मुकेश चंद्र ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्यवाही के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने का आश्वासन दिया।











