फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल जलकर हुआ खाक

फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, लाखों का माल जलकर हुआ खाक
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना/रिशु सिंह)।थाना पिलखुवा क्षेत्र के मौहल्ला बंजरगपुरी में गुरुवार को एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। देखते ही देखते आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का फर्नीचर जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार शाम बजरंग पुरी मौहल्ला स्थित फर्नीचर गोदाम से अचानक काला धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। गोदाम में लकड़ी और प्लाई का सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
आग की लपटें और धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के घरों में हड़कंप मच गया। लोग बच्चों और बुजुर्गों को लेकर घरों से बाहर सुरक्षित स्थानों पर भागे। बाजार में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस और फायर स्टेशन से दमकल कीगाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
चीफ फायर आफिसर अजय शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। गोदाम मालिक के अनुसार आग से करीब लाखोन रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। आग बुझाने के बाद कूलिंग का काम किया जा रहा है ताकि दोबारा आग न भड़के।











