नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गिरफ्तार , किया निलंबित, जबरन सेवानिवृत्ति का भी फैसला

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य गिरफ्तार , किया निलंबित, जबरन सेवानिवृत्ति का भी फैसला
हापुड़। बाबूगढ़ क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप अब भारी पड़ गया है। प्रबंध समिति ने मामले को गंभीर मानते हुए प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें जबरन सेवानिवृत्त करने का भी निर्णय लिया गया है। हालांकि इसके लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रबंध समिति की बैठक में यह भी दावा किया गया कि पिछले दो वर्षों में छात्राओं से छेड़छाड़ के ऐसे 5 मामले सामने आ चुके हैं।
5 अगस्त को एक छात्रा के पिता ने बाबूगढ़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि प्रधानाचार्य ने उनकी 16 वर्षीय बेटी को कार्यालय में बुलाकर चॉकलेट देने के बहाने अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर छात्रा को बदनाम करने और भविष्य खराब करने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपी ने उपहार का लालच देकर मामला दबाने और फोन पर मिलने का दबाव बनाने की भी कोशिश की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं प्रधानाचार्य ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वह 6 वर्षों से इस पद पर हैं और प्रबंधक से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि प्रबंधक ने छात्रा के पिता को डेढ़ लाख रुपये देकर झूठी शिकायत कराई है। उन्होंने कहा कि उनके पास इस संबंध में साक्ष्य हैं और निष्पक्ष जांच में सच्चाई सामने आएगी।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज प्रबंधक ने कहा कि हमारा विद्यालय प्रतिष्ठित है। अभिभावकों का हम पर भरोसा है। छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पूछताछ में प्रधानाचार्य ने गलती स्वीकार की है, इसलिए कड़ी कार्रवाई की गई है।















