नहाने गए मासूम बच्चे की पानी की रॉड से करंट लगने से हुई मौत, मचा कोहराम

हापुड़।
थाना हापुड़ क्षेत्र के गांव बदनौली की मढैया में बाथरूम में नहाने गए नौ वर्षीय बच्चे की पानी की रॉड से करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने गांव स्थित श्मशान में बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव निवासी राजकिशोर ने बताया कि वह मजदूर हैं। उनका पुत्र बंटी कक्षा चार में पढ़ता था। उनका पुत्र बंटी बाथरूम में नहाने के लिए गया। मौसम ठंडा होने के कारण उन्होंने पानी गर्म करने वाली रॉड भी लगाई हुई थी। उनके पुत्र ने जैसे ही नहाने का प्रयास किया तो उसे जोरदार करंट लग गया। आधे घंटे तक पुत्र के नीचे न आने पर उन्हें चिंता होने लगी। इसके बाद उन्होंने व उनकी पत्नी ने बाथरूम में जाकर देखा तो उनके पुत्र का सिर बालटी में था और बेहोशी की हालत में था। आनन-फानन में वह पुत्र को लेकर गांव स्थित एक चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने उसे हापुड़ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता राजकिशोर ने बताया कि उनका पुत्र बंटी तीन पुत्रियों व दो पुत्रों में सबसे छोटा था।











