दिल्ली से बिहार जा रही जन साधारण एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर युवक की मौत से हड़कंप

हापुड़।
दिल्ली से बिहार जा रही जन साधारण एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक युवक अचेत हो गया। जिस कारण रेलवे कर्मचारियों ने हापुड़ स्टेशन पर ट्रेन रूकवाकर यात्री को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बिहार के जिला कटिहार निवासी अमान अपने पड़ोसी अशफाक के साथ दिल्ली हजरत निजामुद्दीन से कटिहार के लिए सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक अमान की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया, जिस कारण हापुड़ स्टेशन पर ट्रेन रूकवाई गई।
घटना की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल हापुड़ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जा रहा है कि संबंधित ट्रेन का हापुड़ स्टेशन पर निर्धारित ठहराव नहीं है, लेकिन आपात स्थिति को देखते हुए ट्रेन को रुकवाया गया और आवश्यक कार्रवाई की गई।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक राकेश ने बताया कि जन साधारण एक्सप्रेस में एक युवक अचेत अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। हमारी टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तत्काल ट्रेन से उतरवाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच की जा रही है ।











