News
कावड़ यात्रा के चलते 31 जुलाई से ब्रजघाट एनएच-09 पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद, रूट डायवर्जन प्लान जारी

कावड़ यात्रा के चलते 31 जुलाई से ब्रजघाट एनएच-09 पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद, रूट डायवर्जन प्लान जारी
, हापुड :
कावड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 31 जुलाई से ब्रजघाट नेशनल हाईवे- 9 पर विभिन्न तिथियों में भारी और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। आसपास के जिलों से सामंजस्य के लिए पत्र भी जारी किए गए हैं।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट
दिल्ली और गाजियाबाद से अमरोहा की ओर जाने वाले भारी वाहन हापुड़ के सिंभावली कट से गंगा एक्सप्रेसवे पर यू-टर्न लेकर हसनपुर गांव कट अमरोहा होते हुए गंतव्य जाएंगे।
मुरादाबाद से दिल्ली-गाजियाबाद जाने वाले वाहन चंदौसी-संभल कट से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए सिंभावली कट हापुड़ से एनएच-09 पर निकाले जाएंगे।
अमरोहा-गजरौला से हापुड़-दिल्ली जाने वाले वाहन गजरौला के इस्लामपुर गांव कट से गंगा एक्सप्रेसवे और सिंभावली कट होते हुए जाएंगे।
संभल से दिल्ली-गाजियाबाद जाने वाले वाहन संभल-अनूपशहर रोड कट से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए सिंभावली हापुड़ से रवाना होंगे।
हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली एनसीआर से मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार-देहरादून जाने वाले वाहन छिजारसी टोल से निजामपुर फ्लाईओवर, सोना पंप, हापुड़ देहात, ततारपुर चौराहा, टियाला अंडरपास से किठौर, परिक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा होते हुए जाएंगे।
मेरठ से मुरादाबाद जाने वाले सभी भारी वाहन मेरठ से टियाला, किठौर, मवाना, बहसूमा, मीरापुर, बिजनौर, छजलैट होते हुए मुरादाबाद जाएंगे।
आपात स्थिति में मार्ग
गंगा एक्सप्रेसवे पर डायवर्जन नया प्रयोग है। किसी कारण बाधा आने पर दिल्ली-गाजियाबाद से मुरादाबाद-बरेली जाने वाले वाहन लालकुआं-दादरी-सिकंदराबाद-डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेसवे होते हुए बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी होकर मुरादाबाद भेजे जाएंगे। डासना से छिजारसी आने वाले वाहनों को यू-टर्न देकर पेरिफेरल की ओर भेजा जाएगा।















