इंजीनियरिंग की छात्रा को बहला-फुसलाकर कर भगा ले गया युवक

हापुड़।
थाना पिलखुवा क्षेत्रके एक इंजीनियरिंग कॉलेज से 21 वर्षीय छात्रा लापता हो गई है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने अनस, नाजिम, गुलफाम और आदिल नामक चार लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के एक मोहल्ले के निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि वह 23 अप्रैल की सुबह अपनी बेटी को कॉलेज छोड़कर गए थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह उसे लेने पहुंचे, तो छात्रा कॉलेज में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पिता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला अनस अपने साथी नाजिम के साथ मिलकर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाकर ले गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने शिकायत की, तो अनस के पिता गुलफाम और आदिल ने उन्हें गाली-गलौज की और धमकी दी।
परिजनों ने दावा किया है कि अनस लंबे समय से छात्रा का पीछा कर रहा था और उससे छेड़छाड़ भी करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।











