हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी, जिंदल मसाला कंपनी समेत कई प्रतिष्ठानों पर रेड

हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी छापेमारी, जिंदल मसाला कंपनी समेत कई प्रतिष्ठानों पर रेड
हापुड़। जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित प्रसिद्ध जिंदल मसाला कंपनी समेत कई प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मसालों में मिलावट की सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर सहित विभिन्न मसाला उत्पादों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने उत्पादन, भंडारण और गुणवत्ता संबंधी मानकों की भी जांच की। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
जानकारी के मुताबिक, जिंदल मसाला कंपनी के अलावा नगर क्षेत्र के कई अन्य प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई कर रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि मिलावटखोरी के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह अभियान चलाए जाते रहेंगे।











