लायंस क्लब हापुड़ का भव्य वृक्षारोपण, “पेड़ लगाओ – पर्यावरण बचाओ” का लिया संकल्प

लायंस क्लब हापुड़ का भव्य वृक्षारोपण, “पेड़ लगाओ – पर्यावरण बचाओ” का लिया संकल्प
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर लायंस क्लब हापुड़ ने शनिवार को आर्य कन्या इंटर कॉलेज और आर्य कन्या डिग्री कॉलेज परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब की स्थायी सेवा परियोजना “पेड़ लगाओ – पर्यावरण बचाओ” के तहत बड़ी संख्या में लायन सदस्यों ने पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन प्रभागीय अधिकारी गौतम सिंह रहे। प्रोजेक्ट को-चेयरमैन लायन अनिल कुमार गुप्ता टिटू ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन आनंद प्रकाश आर्य ने की।
अध्यक्षीय संबोधन में लायन आनंद प्रकाश आर्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति साल में एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।
मुख्य अतिथि डीएफओ गौतम सिंह ने कहा “पेड़ रहेंगे तो हम रहेंगे।” उन्होंने कहा कि बदलते पर्यावरणीय हालात चिंता का विषय हैं। सरकार के साथ समाज की भागीदारी जरूरी है। सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं, उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
लायन प्रमोद गर्ग ने कहा कि वृक्ष लगाना पहला कदम है, असली सेवा तब है जब वह पौधा बड़ा होकर वृक्ष बने। लायन अशोक सर्राफ, लायन राकेश वर्मा और लायन डी.के. वशिष्ठ ने भी पर्यावरण को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष लायन राजीव कुमार सिंघल, सचिव लायन सौरभ अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लायन आदित्य गोयल सहित लायन प्रदीप गुप्ता, लायन चक्रवर्ती गर्ग, लायन विजय गोयल, लायन शरद गर्ग, लायन अखिलेश गर्ग, लायन अतुल गोयल और अन्य दर्जनों लायन सदस्य मौजूद रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने की शपथ ली।















