मां की गोद से छिड़कर फ्लाईओवर से 20 फुट नीचे गिरी डेढ़ वर्षीय बच्ची मौत और जिंदगी से जूझ रही है, दिल्ली रैफर

मां की गोद से छिड़कर फ्लाईओवर से 20 फुट नीचे गिरी डेढ़ वर्षीय बच्ची मौत और जिंदगी से जूझ रही है, दिल्ली रैफर
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में कुचेसर चौपला फ्लाईओवर पर रविवार दोपहर एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची अपनी मां की गोद से उछलकर करीब 20 फीट नीचे गिर गई। बच्ची की हालत गंभीर है। दंपती समेत एक अन्य युवक भी घायल हुआ है।
थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी निवासी सागर ने बताया कि उनका भाई ब्रजघाट से कांवड़ लेकर आ रहा था। उससे मिलने के लिए वह पत्नी मीनू, डेढ़ वर्षीय बेटी मिष्ठी और दोस्त अरुण के साथ बाइक से बाबूगढ़ छावनी में बेटी की दवाई लेकर ब्रजघाट जा रहा था।
पुराने हाईवे स्थित कुचेसर चौपला फ्लाईओवर पर पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची मां की गोद से उछलकर फ्लाईओवर के नीचे गिर गई। हादसे में सागर, उसकी पत्नी और दोस्त अरुण को भी चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने घायल बच्ची को उठाकर माता-पिता को सौंपा और सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।















