फर्जी आईटीसी का भंडाफोड़, जीएसटी टीम ने गढ़ की स्क्रैप कंपनी से 50 लाख वसूले

फर्जी आईटीसी का भंडाफोड़, जीएसटी टीम ने गढ़ की स्क्रैप कंपनी से 50 लाख वसूले
हापुड़। वस्तु एवं सेवा कर विभाग ने गढ़मुक्तेश्वर की एक स्क्रैप रीसाइक्लिंग कंपनी द्वारा फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का मामला पकड़ा है। बुधवार को विभाग की टीम ने सलामतपुर-बदरखा स्थित सेंस रीसाइक्लिंग लिमिटेड के परिसर में छापेमारी की।
एसजीएसटी के संयुक्त आयुक्त अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि कंपनी ने गाजियाबाद और दिल्ली की दो फर्मों से 40.62 करोड़ रुपये की खरीद दिखाई थी और 7.5 करोड़ रुपये का आईटीसी क्लेम किया था। लेकिन जिन फर्मों से खरीद दिखाई गई, उन्होंने भी फर्जी कंपनियों से खरीद दर्शाई थी।
टीम ने जब कंपनी परिसर की जांच की तो न तो खरीद-बिक्री के अनुरूप माल मिला और न ही उत्पादन क्षमता के हिसाब से मशीनरी। कंपनी का पंजीकरण सोनू मलिक के नाम पर है। जुलाई 2025 से मई 2026 तक कंपनी ने रिटर्न में बिक्री शून्य दिखाई थी, जबकि जून-जुलाई में अचानक करोड़ों की बिक्री दिखा दी।
विभाग ने मौके पर ही कंपनी से 50 लाख रुपये जमा कराए हैं। अधिकारी दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।















