पेटीएम कर्मचारी बन शातिर ने होटल संचालक के खाते से उड़ाए 60 हजार रुपये

हापुड़।
गढ़ रोड स्थित पक्का बाग में एक होटल संचालक से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पेटीएम सिस्टम की तकनीकी खराबी ठीक करने के बहाने एक शातिर ठग ने होटल संचालक के खाते से करीब 60 हजार रुपये उड़ा दिए. मामले में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
वायस अनाउंसमेंट ठीक करने के नाम पर ठगी
गढ़ रोड पक्का बाग निवासी पीड़ित अमित कुमार एक होटल का संचालन करते हैं. उन्होंने बताया कि फरवरी माह में उनके होटल पर लगे पेटीएम सिस्टम के ‘वॉयस अनाउंसमेंट’ (साउंडबॉक्स) में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई थी.
आरोप है कि 20 फरवरी 2026 को एक अज्ञात युवक उनके होटल पर पहुँचा. उसने खुद को पेटीएम कंपनी का आधिकारिक कर्मचारी बताया और कहा कि वह सिस्टम की समस्या को ठीक करने आया है.
मोबाइल हाथ में लेते ही साफ किए पैसे
पीड़ित अमित कुमार ने उस युवक पर भरोसा करके अपना मोबाइल फोन उसे सौंप दिया. इसके बाद शातिर ठग ने बड़ी चालाकी से:
पहले पीड़ित के खाते से 50 हजार रुपये उनके ही केनरा बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए.
फिर उस रकम को अलग-अलग अज्ञात यूपीआई (UPI) खातों में भेज दिया.
इसके तुरंत बाद 10 हजार रुपये का एक और अन्य ट्रांजेक्शन भी कर दिया.
जब युवक वहाँ से चला गया, तब अमित को अपने साथ हुई इस बड़ी ठगी का अहसास हुआ। कोर्ट के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।











