पटरियों की मरम्मत के कारण आज से 11 अप्रैल तक बंद रहेगा रेलवे फाटक 62C

पटरियों की मरम्मत के कारण आज से 11 अप्रैल तक बंद रहेगा रेलवे फाटक 62C
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर रोड-सिंभावली सेक्शन पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 62C को रेलपथ मरम्मत कार्य के कारण 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस दौरान सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन शकरपुर स्थित रेलवे फाटक संख्या 61 से कराया जाएगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर जगबीर सिंह ने बताया कि कुचेसर रोड चौपला के पास स्थित फाटक संख्या 62C पर आवश्यक मरम्मत और ट्रैक सुधार कार्य किया जाना है। इसी के मद्देनजर 6 अप्रैल की सुबह 8 बजे से 11 अप्रैल की रात्रि 8 बजे तक फाटक पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में किसी भी प्रकार के वाहन को फाटक से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
यात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग के रूप में शकरपुर रेलवे फाटक संख्या 61 को निर्धारित किया गया है। सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके।











