दोस्ती की आड़ में ब्लैकमेलिंग और चोरी, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उड़ाए गहने

दोस्ती की आड़ में ब्लैकमेलिंग और चोरी, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उड़ाए गहने
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला संजय विहार में दोस्ती का फायदा उठाकर दो युवकों ने मानसिक रूप से कमजोर युवक को ब्लैकमेल कर घर से गहने चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिगरेट पिलाकर बनाया वीडियो, फिर दी धमकी
मोहल्ला निवासी ओमवीर सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ले के ही मयंक और निहाल ने उनके पुत्र गर्वित से दोस्ती कर ली थी और घर आना-जाना शुरू कर दिया। गर्वित सिर में चोट के कारण मानसिक रूप से कमजोर है।
आरोप है कि दोनों युवकों ने गर्वित को सिगरेट पिलाई और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने और परिजनों को दिखाने की धमकी देकर घर में रखी अलमारी से गहने निकाल लिए।
चोरी में करीब तीन तोले की सोने की चेन, एक टीका, अंगूठी और अन्य गहने शामिल हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बुजुर्ग दादी के गले से सोने की चेन उतारकर उसकी जगह नकली चेन पहना दी और मौके से फरार हो गए।
जब गहने गायब मिले तो परिजनों ने गर्वित से सख्ती से पूछताछ की। तब उसने पूरी घटना बताई।
ओमवीर सिंह की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मयंक और निहाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया जाएगा।















