ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, पिता की डांट से था नाराज, पुलिस भर्ती परीक्षा देनी थी

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, पिता की डांट से था नाराज, पुलिस भर्ती परीक्षा देनी थी
हापुड़ ।बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात गांव बिगास निवासी 26 वर्षीय अंकुश उर्फ नितिन की कनिया फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक सोमवार को होने वाली पुलिस भर्ती की परीक्षा में शामिल होने वाला था। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब पौने 11 बजे बाबूगढ़ पुलिस को कनिया फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव क्षत विक्षत हालत में रेलवे ट्रैक पर पड़ा था। रात तक शव की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
पिता ने की शव की पहचान
रविवार को गांव हबिसपुर बिगास निवासी देवेंद्र सिंह कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचे और अपने पुत्र के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस पिता को मोर्चरी ले गई। वहां देवेंद्र सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे अंकुश उर्फ नितिन के रूप में की। पिता ने बताया कि अंकुश दो बहनों में इकलौता भाई था।
डांट से नाराज होकर निकला था घर से
देवेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह उनकी पत्नी और एक बेटी माता वैष्णो देवी की यात्रा के लिए निकली थीं। शनिवार शाम देर से घर आने पर उन्होंने बेटे अंकुश को डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर अंकुश गुस्से में घर से निकल गया था। रातभर घर न लौटने पर सुबह उन्होंने थाने में सूचना दी।
पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था
पिता ने बताया कि अंकुश पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और सोमवार को उसे परीक्षा में शामिल होना था। मां और बहन के वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने के बीच ही इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार टूट गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।











