हिंदू युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार, गांव में रोष, पुलिस ने की रूट मार्च

हिंदू युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार, गांव में रोष, पुलिस ने की रूट मार्च
हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बक्सर में पांच जून की रात हिंदू युवक पाशु पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष है। वहीं पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट मार्च किया गया।
पुराने हाईवे पर रोका, फिर किया हमला
गांव बक्सर निवासी गुरजीत शर्मा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि पांच जून की रात उनका भाई पाशु किसी काम से पुराने नेशनल हाईवे की ओर गया था। आरोप है कि वहां गांव के ही अरमान, फैजान और छह अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से पाशु के सिर पर हमला कर दिया।
दुकान पर पहुंचकर हुआ बेहोश
परिजनों के अनुसार गंभीर रूप से घायल पाशु किसी तरह जान बचाकर गांव की ओर भागा। वह गांव में एक दुकान तक पहुंचा और बेहोश होकर गिर पड़ा। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार रविवार को मेरठ स्थित अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। बताया कि सिर पर चाकू लगने से युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
गांव में आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद बक्सर समेत आसपास के गांवों में लोगों में आक्रोश है। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने को कहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी से लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है।
पुलिस दे रही दबिश, किया रूट मार्च
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने गांव में रूट मार्च भी किया है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।











