जिलें में फिर दिखा तेंदुआ, दीवार पर बैठे देख ग्रामीणों में दहशत

जिलें में फिर दिखा तेंदुआ, दीवार पर बैठे देख ग्रामीणों में दहशत
नहर पटरी और गली में घूमता दिखा, ग्रामीण ने बनाया वीडियो; शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा, वन विभाग लगाएगा पिंजरा
हापुड़। गढ़ तहसील क्षेत्र के नवादा और माधापुर गांव के पास नहर पटरी पर एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। रविवार रात तेंदुआ गली से गुजरता हुआ नरेंद्र त्यागी के मकान की दीवार पर जाकर बैठ गया, जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बना लिया।
छत पर बैठे लोगों ने देखा तेंदुआ
रविवार रात कुछ ग्रामीण अपनी छत पर बैठे थे, तभी उन्हें गली से तेंदुआ जाता दिखा। इससे पहले कि ग्रामीण वीडियो बनाते, तेंदुआ नरेंद्र त्यागी के मकान की दीवार पर चढ़कर बैठ गया। ग्रामीणों ने तुरंत उसका वीडियो बनाया और शोर मचाकर नरेंद्र त्यागी के परिजनों को फोन पर सतर्क किया। शोर सुनकर तेंदुआ वहां से जंगल की ओर भाग गया।
नवादा नहर पटरी पर भी दिखा
इसके अलावा नवादा नहर पटरी पर भी कुछ ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई दिया, जिसे देख उनके होश उड़ गए। तहसील क्षेत्र के अठसैनी, नवादा, दौताई, नवादा खुर्द, बक्सर रेगुलेटर, वैठ जंगल, माधापुर, दतियाना आदि गांवों में समय-समय पर तेंदुआ दिखता रहा है। कई बार इनकी संख्या एक साथ तीन तक पहुंच जाती है, जिससे क्षेत्र में एक से अधिक तेंदुए होने की चर्चा है।
पिंजरा लगाने की तैयारी में वन विभाग
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग अलर्ट हो गया है। वन रेंजर करण सिंह ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि अकेले जंगल में न जाएं और खेतों पर सामूहिक रूप से काम करें। टीम ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है।











