गुमशुदगी के 3 दिन बाद भी नहीं मिली खबर, दिल्ली में तोड़ा दम, दरोगा सहित 2 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

गुमशुदगी के 3 दिन बाद भी नहीं मिली खबर, दिल्ली में तोड़ा दम, 2 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
हापुड़ । गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने तीन दिन तक सुराग नहीं लगाया। इस बीच घायल अवस्था में भटकता रहा युवक आखिरकार दिल्ली में इलाज के दौरान दम तोड़ गया। मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने एक दरोगा और एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
हापुड़ कोतवाली क्षेत्र केशव नगर निवासी मोहित शर्मा 8 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे घर से निकला था। उसी दिन परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस उसे खोज नहीं पाई।
10 जुलाई को मोहित की स्कूटी सरस्वती मेडिकल कॉलेज में खड़ी मिली। पता चला कि एक अज्ञात गंभीर घायल को वहां भर्ती कराया गया था। इसके बाद परिजन उसे लेकर रामा मेडिकल, जिला अस्पताल दस्तोई रोड और मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हर जगह से रेफर किया जाता रहा।
देर रात डॉक्टरों से मिन्नत के बाद मोहित को दिल्ली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मोहित के सिर में गंभीर चोट थी, लेकिन शरीर पर अन्य कोई निशान नहीं था। स्कूटी भी सही-सलामत मिली। गुमशुदगी के बाद भी पुलिस ने अस्पतालों में अज्ञात घायलों का रिकॉर्ड क्यों नहीं खंगाला। परिजनों ने अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है
मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जांच के आदेश दिए। जांच में ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर कोतवाली में तैनात दरोगा मनोज कुमार और सिपाही जीतू को लाइन हाजिर कर दिया गया।











