किशोरी से दुष्कर्म, शोर मचाने पर बाइक छोड़कर भागा

किशोरी से दुष्कर्म, शोर मचाने पर बाइक छोड़कर भागा
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर
कोतवाली क्षेत्र एक गांव में 15 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शोर मचाने पर आरोपित युवक अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़मुक्तेश्वर के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी मुरादनगर में एक फैक्ट्री में कार्य करती थी। आरोप है कि इसी दौरान उसकी मुलाकात फैक्ट्री मालिक के बेटे से हो गई। करीब दस दिन पूर्व लड़की काम छोड़कर अपने घर आ गई थी। आरोप है कि दूसरे संप्रदाय का यह युवक बृहस्पतिवार की रात उनके घर पहुंच गया। इस दौरान वह शराब की बोतल साथ लाया था। पीड़ित लड़की के पिता को आरोपित ने शराब पिलाकर बेहोश कर दिया तथा शाम सात बजे वहां से चला गया। आरोप है कि रात करीब नौ बजे आरोपित किसी तरह घर में घुस गया तथा उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। लड़की द्वारा शोर मचाने पर स्वजन एवं अन्य लोग जाग गए तथा आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपित अपनी बुलेट बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना की सूचना स्वजन ने पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।















