कंपनी के अकाउंटेंट पर 18.41 लाख रुपये हड़पने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

कंपनी के अकाउंटेंट पर 18.41 लाख रुपये हड़पने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
हापुड़। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के पटना गांव स्थित एक पशु आहार निर्माण कंपनी में नकदी के हिसाब में 18.41 लाख रुपये की गड़बड़ी मिलने के बाद कंपनी के अकाउंटेंट के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक सुशील कुमार को सौंपी है।
कंपनी के निदेशक वरुण आर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी ग्राम पटना में संचालित है, जहां पशु आहार का निर्माण किया जाता है। आरोप है कि ग्राम हरसिंहपुर ब्रजनाथपुर निवासी प्रवेश शर्मा करीब नौ वर्षों से कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। कंपनी के कर्मचारियों की मजदूरी, माल ढुलाई समेत अन्य नकद भुगतान और हिसाब-किताब की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी। कंपनी में आने वाले रुपयों और माल की खरीद-बिक्री से संबंधित धनराशि का लेखा-जोखा भी वह संभालता था।
तहरीर के मुताबिक, 13 मई 2026 को कंपनी के हिसाब-किताब का मिलान किया गया तो नकदी के रिकॉर्ड में 18 लाख 41 हजार रुपये की गड़बड़ी सामने आई। इस संबंध में प्रवेश शर्मा से पूछताछ की गई तो उसने कथित तौर पर बताया कि उक्त रकम उसने अपने निजी काम में इस्तेमाल कर ली है और अगले दिन कंपनी के रोकड़ बही खाते में जमा कर देगा। इसके बाद वह कंपनी में नहीं आया।
निदेशक के अनुसार, अगले दिन वह प्रवेश के घर पहुंचे तो उसकी पत्नी ने बताया कि वह 15 दिन में लौटने की बात कहकर बाहर गया है। कंपनी की ओर से बाहर भेजे जाने की बात से इनकार करने पर पत्नी ने कोई जानकारी देने से मना कर दिया।
कंपनी निदेशक ने आरोप लगाया कि प्रवेश शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग कर कंपनी की धनराशि में अमानत में खयानत की और 18.41 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।















