News
इंस्टाग्राम पर धमकाकर शादी तुड़वाने की कोशिश, एफआईआर दर्ज

इंस्टाग्राम पर धमकाकर शादी तुड़वाने की कोशिश, एफआईआर दर्ज
हापुड़:
थाना पिलखुवा क्षेत्र निवासी युवती से मोदीनगर निवासी एक युवक का रिश्ता तय हो गया । इसके बाद एक युवक ने इंस्टाग्राम पर कॉल और मैसेज कर युवक को धमकाने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने एफआईआर दर्ज करवाई है।
मोदीनगर के गांव सीकरी कलां निवासी राजकिशोर शर्मा ने बताया कि उनके बेटे आशीष शर्मा का विवाह 11 जुलाई को पिलखुवा की रामनगर कॉलोनी निवासी युवती से तय हुआ है। जून में आशीष के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया। आरोपी ने युवती से अपने संबंध होने का दावा किया और शादी न करने की चेतावनी दी। लगातार धमकी भरे कॉल और मैसेज से परिवार परेशान हो गया। परिवार ने युवती पक्ष को जानकारी दी। दोनों परिवारों ने मिलकर जांच की तो आरोपी की पहचान बागपत के पावला बेगमाबाद गांव निवासी सुमित धामा के रूप में हुई। पीड़ित ने बताया कि 22 जून को सुमित धामा ने राजकिशोर शर्मा को रास्ते में रोक लिया। उसने अभद्रता करते हुए रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











