NH-9 पर रोडवेज बस से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी घायल

NH-9 पर रोडवेज बस से टकराई बाइक, पति की मौत, पत्नी घायल
हापुड़। जिले के पिलखुवा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर NH-9 पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर रिठौली निवासी विजेंद्र (53) अपनी पत्नी कमलेश (50) के साथ बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। दोपहर सरस्वती मेडिकल कॉलेज के सामने उनकी बाइक आगे चल रही रोडवेज बस के पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पत्नी कमलेश का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।















