दुकान से सामान दिलाकर लौट रहे बुजुर्ग को कार ने टक्कर मार दी गोद से गिरी पोती पर कार का पहिया चढ़ गया जिंदगी मौत की जंग से जूझ रही मासूम

दुकान से सामान दिलाकर लौट रहे बुजुर्ग को कार ने टक्कर मार दी गोद से गिरी पोती पर कार का पहिया चढ़ गया जिंदगी मौत की जंग से जूझ रही मासूम

गाजियाबाद 

थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में बृहस्पतिवार शाम को दुकान से सामान दिलाकर लौट रहे बुजुर्ग को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गोद से गिरी पोती पर कार का पहिया चढ़ गया। शोर मचाने पर आरोपित कार मौके पर छोड़कर भाग गया।

जिंदगी मौत से जूझ रही बच्ची

बच्ची दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी मौत से जूझ रही है। बुजुर्ग के पैर में फैक्चर हुआ है। पुलिस आरोपित चालक की तलाश कर रही है। खोड़ा के प्रकाश नगर गली नंबर पांच में रामकिशोर शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके बड़े बेटे की करीब दो साल की बेटी सामान दिलाने के लिए जिद कर रही थी।

कार के टक्कर मारने से गोद से गिरी बच्ची

बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे पर पड़ोस की दुकान से सामान दिलाकर उसे घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उनकी गोद से उनकी पोती ओविया शर्मा छूटकर सड़क पर गिर गई। कार का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। आरोपित चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया।

लोगों ने स्वजन और पुलिस को सूचना दी। घायल को पास के अस्पताल ले गए। वहां दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया। उनके पैर में फैक्चर हुआ है। बच्ची की हालत गंभीर होने पर वहां से दिल्ली के सफदजंग अस्पताल रेफर कर दिया। जहां वेंटिलेटर पर बच्ची जिंदगी मौत से जूझ रही है। उनके बेटे ने कार नंबर के आधार पर खोड़ा थाने में शिकायत की है।

22 नवंबर को बच्ची का है जन्मदिन

रामकिशोर ने बताया कि उनकी पोती का 22 नवंबर को जन्मदिन है। वह दो साल की हो जाएगी। घटना से पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। बड़े बेटे राजू की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। कोरोना काल में बेटा हुआ था, जिसकी कुछ घंटे में ही मौत हो गई थी। उसके बाद यह बेटी हुई। इकलौती बेटी होने से वह परिवार की लाड़ली थी।

 

Exit mobile version