नौकरी के नाम पर एक लाख की ठगी, शिकायत पर एसपी ने दिए जांच के आदेश

नौकरी के नाम पर एक लाख की ठगी, शिकायत पर एसपी ने दिए जांच के आदेश
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र में नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से 1 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एसपी ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंप दी है।
मेरठ आबकारी में संविदा नौकरी का दिया झांसा
मोदीनगर रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी निवासी अमन सागर ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मोहल्ला लज्जापुरी निवासी एक युवक से जान पहचान हुई थी।
आरोप है कि आरोपी ने मेरठ आबकारी विभाग में संविदा पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर अमन से विश्वास जीत लिया। बातों में आकर अमन ने 1 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रुपये मांगे तो मिली जान से मारने की धमकी
नौकरी न लगने और रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने अमन को जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। परेशान होकर पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह से की।
एसपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर को सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।















