शिवा ढाबे से पिकअप में रखी 30 हजार की चोरी का पर्दाफाश, हिस्ट्रीशीटर समेत 3 बदमाश गिरफ्तार

शिवा ढाबे से पिकअप में रखी 30 हजार की चोरी का पर्दाफाश, हिस्ट्रीशीटर समेत 3 बदमाश गिरफ्तार
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने शिवा ढाबा के पास खड़ी पिकअप से नकदी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, अवैध असलहा और घटना में इस्तेमाल 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार स्याना रोड से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी कादिर उर्फ सोनू निवासी हीमपुर दीपा, थाना क्षेत्र बिजनौर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हापुड़, बिजनौर और गाजियाबाद में डकैती, चोरी और हत्या के प्रयास समेत आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसका एचएस नंबर 141ए है।
गिरफ्तार अन्य दो आरोपियों के नाम नबील और इमरान हैं, दोनों बिजनौर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने शिवा ढाबा पर खड़ी पिकअप गाड़ी से नकदी चोरी की थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पुलिस ने बरामद नकदी, असलहे और मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।











