लकड़ी सप्लाई के नाम पर 52 लाख की ठगी, 4 पर केस

लकड़ी सप्लाई के नाम पर 52 लाख की ठगी, 4 पर केस
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र में लकड़ी की आपूर्ति का झांसा देकर 52 लाख रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश से पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला पुरा निवासी सुनील कुमार गर्ग ने आरोप लगाया है कि शैलेश फार्म निवासी अमित कुमार, डॉ. सलीम अहमद, इरशाद अहमद और हर्ष अग्रवाल ने लकड़ी दिलाने के नाम पर उनसे 52 लाख रुपये लिए। इसमें 20 लाख रुपये चेक और 32 लाख रुपये नकद दिए गए थे।
आरोप है कि भुगतान के बाद न तो लकड़ी दी गई और न ही रकम वापस की। रुपये मांगने पर आरोपियों ने रकम हड़प लेने की बात कही।
पीड़ित के अनुसार 1 जनवरी 2026 की सुबह तीन आरोपी उनकी दुकान पर पहुंचे। तमंचा दिखाकर दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गए।
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।











