छत गिरने से मजदूर की मौत, बेटा घायल, परिवार में कोहराम

छत गिरने से मजदूर की मौत, बेटा घायल, परिवार में कोहराम
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)। लगातार बारिश के बीच पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सद्दीकपुरा में गुरुवार तड़के एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान में सो रहे 52 वर्षीय अशफाक की मौत हो गई जबकि उसका 17 वर्षीय बेटा कासिम घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार अशफाक अपने बेटे कासिम के साथ घर में सो रहा था। अचानक छत गिरने से चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने अशफाक को मृत घोषित कर दिया। कासिम का इलाज चल रहा है।
मृतक अशफाक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बेटे कासिम 17 वर्ष और नाजिम 18 वर्ष भी मजदूरी करते हैं। घर के इकलौते कमाने वाले की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद की मांग की है।











