सड़क पर दौड़ता दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल; ग्रामीणों में दहशत

सड़क पर दौड़ता दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल; ग्रामीणों में दहशत
हापुड़ । सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडालिया में देर रात सड़क पर तेंदुआ दौड़ते दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के अंडरपास के पास अचानक एक तेंदुआ दिखाई दिया। वह कुछ देर तक सड़क किनारे रुका और फिर खेतों की ओर चला गया। तेंदुए को देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत एक-दूसरे को फोन कर सतर्क रहने की सलाह दी।
घटना के बाद से ग्रामीण खेतों और सुनसान रास्तों पर अकेले जाने से बच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समय गन्ने और अन्य फसलें खड़ी हैं, ऐसे में जंगली जानवरों के छिपने की संभावना अधिक है। बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर लोग सबसे ज्यादा चिंतित हैं।
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी। वन विभाग की टीम ने अंडरपास और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। टीम ने ग्रामीणों को रात में घर से न निकलने, बच्चों को अकेला न छोड़ने और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर बांधने की सलाह दी है।
वन अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और पिंजरा लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। फुटप्रिंट के आधार पर तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।











