होटल में वर्दी में शराब पार्टी का फोटो वायरल, गढ़मुक्तेश्वर के दो दरोगा और एक सिपाही लाइन हाजिर

होटल में वर्दी में शराब पार्टी का फोटो वायरल, गढ़मुक्तेश्वर के दो दरोगा और एक सिपाही लाइन हाजिर
हापुड़ (यथार्थ अग्रवाल मुन्ना)।गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में तैनात दो दरोगा और एक सिपाही का वर्दी में शराब पार्टी करते हुए फोटो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फोटो वायरल होने के बाद एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो में गढ़ कोतवाली में तैनात दरोगा गौरव कुमार, दरोगा अजय कुमार और सिपाही गोपाल चौधरी वर्दी में दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह फोटो गढ़-स्थाना चौपला स्थित एक होटल का है, जहां शराब पार्टी की गई थी।
फोटो सामने आने के बाद क्षेत्र में मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी। लोगों ने कहा कि वर्दी में इस तरह का कृत्य पुलिस की छवि खराब करता है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रहा है जिसमें थाना गढ़मुक्तेश्वर पर तैनात दरोगा गौरव कुमार, अजय कुमार व सिपाही गोपाल चौधरी द्वारा वर्दी में शराब का सेवन किया गया है। उक्त तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।
एसपी ने जनपद के सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी भी दी।











