परचून के सामान से लदे ट्रक में लगी आग, हाईवे पर मचा हड़कंप

परचून के सामान से लदे ट्रक में लगी आग, हाईवे पर मचा हड़कंप
हापुड़।दिल्ली से काशीपुर जा रहे परचून के सामान से लदे एक ट्रक में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। हादसा थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव खुलडिया के पास नए हाईवे पर हुआ। आग की ऊंची लपटें देख हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि चालक-परिचालक ने कूदकर जान बचाई और दमकल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार ट्रक दिल्ली से परचून का सामान लेकर काशीपुर जा रहा था। खुलडिया गांव के पास नए हाईवे पर पहुंचते ही ट्रक के इंजन में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते केबिन से धुआं उठने लगा और आग ने विकराल रूप ले लिया।
चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोका और परिचालक समेत कूदकर जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने पूरे ट्रक को चपेट में ले लिया। परचून का सामान होने के कारण आग तेजी से फैली।
सूचना पर सिंभावली पुलिस और फायर सर्विस की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक और उसमें लदा लाखों का सामान जलकर राख हो चुका था।











