ईदगाह की दीवार के पास मिला अज्ञात युवक का शव, शराब के नशे में गिरने की आशंका

ईदगाह की दीवार के पास मिला अज्ञात युवक का शव, शराब के नशे में गिरने की आशंका
हापुड़। धौलाना कस्बे में ईदगाह की दीवार के पास गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची थाना धौलाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया। पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पिलखुवा क्षेत्राधिकारी मुनीश चन्द्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और थाना पुलिस से पूरे मामले की जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक ने अत्यधिक शराब का सेवन किया हुआ था। आशंका है कि नशे की हालत में वह दीवार से नीचे गिर गया और दोबारा उठ नहीं सका।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।











