NH-9 पर चलती स्विफ्ट डिजायर कार में लगी आग, चालक सुरक्षित

NH-9 पर चलती स्विफ्ट डिजायर कार में लगी आग, चालक सुरक्षित
राजा की हवेली ढाबा के पास शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा, अमरोहा जा रहे थे चालक सुनील कुमार; फायर सर्विस ने तत्परता से पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। राजा की हवेली ढाबा के निकट चलती स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक समय रहते बाहर निकल आया और फायर सर्विस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक कार को सुनील कुमार चला रहे थे। वह कार लेकर अमरोहा की ओर जा रहे थे। राजा की हवेली ढाबा के पास पहुंचते ही कार में शॉर्ट सर्किट हो गया और इंजन से धुआं उठने लगा। कुछ ही सेकंड में कार आग की लपटों में घिर गई।
आग देखकर सुनील कुमार ने तुरंत कार रोकी और बाहर निकल आए। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी। राहगीरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास भी किया गया
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की यूनिट मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग से कार पूरी तरह जल गई, लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।











