मजदूरी करने गई मां, घर में अकेली बेटी से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म का प्रयास

मजदूरी करने गई मां, घर में अकेली बेटी से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म का प्रयास
हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवती को बचाया। आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि 22 जून की सुबह वह खेत पर मजदूरी करने गई थी। इसी दौरान पड़ोसी रवि ने पहले पीड़िता के घर के पास स्थित उसके जेठ के मकान की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद वह युवती के घर में घुस गया।
उस वक्त घर में 19 वर्षीय बेटी अकेली थी। आरोप है कि रवि ने युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकला।
मां की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी रवि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।











