फर्जी फेसबुक आईडी से ठगे गए 99,900 रुपये पीड़ित को लौटाए

फर्जी फेसबुक आईडी से ठगे गए 99,900 रुपये पीड़ित को लौटाए
ममेरे भाई को कतर पुलिस द्वारा पकड़ने का झांसा देकर की थी ठगी, क्यूआर कोड स्कैन कर भेजे थे पैसे; बाबूगढ़ में भी 5800 रुपये वापस करा
हापुड़। साइबर क्राइम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में ठगी की पूरी रकम पीड़ितों को वापस करा दी है। कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने फर्जी फेसबुक आईडी से 99,900 रुपये की ठगी का शिकार हुए युवक को शत प्रतिशत धनराशि लौटाई। वहीं बाबूगढ़ पुलिस ने यूपीआई फ्रॉड में गंवाए 5,800 रुपये वापस कराए।
ममेरे भाई के नाम पर बनाई फर्जी आईडी
जानकारी के अनुसार मोहल्ला सिकंदर गेट निवासी फैहद कुरैशी के फेसबुक पर ममेरे भाई मोहसिन के नाम से बनी फर्जी आईडी से मैसेज आया। साइबर ठगों ने बताया कि मोहसिन को कतर पुलिस ने पकड़ लिया है और पासपोर्ट जब्त कर लिया है। छूटने के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। घबराए फैहद ने बिना जांच किए क्यूआर कोड स्कैन कर 99,900 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस ने खाता कराया फ्रीज
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने कोतवाली हापुड़ में शिकायत की। प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि साइबर सेल के उपनिरीक्षक वैभव नाग को जांच सौंपी गई। टीम ने तकनीकी सहायता से पैसे जाने वाले बैंक खातों को ट्रेस कर ट्रांजेक्शन होल्ड करवा दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के आदेश पर पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।











