बीजेपी कार्यकर्ता ने थाने में अभद्रता का लगाया आरोप, मोबाइल-जूते उतरवाकर बैठाया, सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश

बीजेपी कार्यकर्ता ने थाने में अभद्रता का लगाया आरोप, मोबाइल-जूते उतरवाकर बैठाया, सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश
रिसिव कॉपी मांगने पर भड़के सहायक प्रभारी, ‘भाजपा कार्यकर्ता हूं’ कहते ही हवालात में बंद करने को कहा; पूर्व जिला मंत्री गौरव ठाकुर ने सीएम से की शिकायत
हापुड़। गढ़ थाना पुलिस पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और पूर्व जिला मंत्री से अभद्रता करने का आरोप लगा है। शिकायत की रिसिव कॉपी मांगने और खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताने पर सहायक प्रभारी ने मोबाइल और जूते उतरवाकर थाने में बैठा दिया। पीड़ित ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत की है। मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव कानून व्यवस्था को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
कुलपुर निवासी भाजपा के पूर्व जिला मंत्री गौरव ठाकुर शनिवार को किसी विवाद की शिकायत लेकर गढ़ थाने पहुंचे थे। गौरव ठाकुर का कहना है कि उनका विवाद पहले ही सुलझ चुका था, लेकिन वह शिकायती पत्र की रिसिव कॉपी लेने थाने गए थे। आरोप है कि रिसिव देने से मना करने पर उन्होंने खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताया। इतना सुनते ही सहायक प्रभारी भड़क गए और सिपाही को बुलाकर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता को हवालात में बंद कर दो।
मोबाइल छीना, जूते उतरवाए
गौरव ठाकुर का आरोप है कि पुलिसकर्मी उन्हें थाने के अंदर ले गया। वहां उनका मोबाइल छीन लिया गया और जूते निकलवाकर बैठा दिया गया। सहायक प्रभारी ने हवालात में बंद करने की धमकी भी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत गढ़ विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया और भाजपा जिलाध्यक्ष से भी की है।
सीएम तक पहुंचा मामला
गौरव ठाकुर ने लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से मामले की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख सचिव कानून व्यवस्था को निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे ने बताया कि मामले में जांच करवाई जा रही है।











